अपर आयुक्त प्रशासन सहारनपुर मंडल रमेश यादव ने खतौली तहसील का विस्तृत निरीक्षण किया और प्रशासनिक कार्यप्रणाली का गहन अवलोकन किया। उन्होंने विभिन्न राजस्व पटल, अभिलेख कक्ष, न्यायालयीन प्रक्रियाओं, जनता दरबार और परिसर की स्वच्छता व्यवस्था की बिंदुवार समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से सीधे संवाद कर कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली और फरियादियों को प्राथमिकता से सुनने और सम्मानजनक व्यवहार की दिशा में निर्देश दिए।
तहसील परिसर की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देते हुए उन्होंने कर्मचारियों को निर्देशित किया कि परिसर में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए और सभी पटल व्यवस्थित रहें। इसके अतिरिक्त, पर्यावरण संरक्षण के तहत उपजिलाधिकारी मोनालिसा के साथ मिलकर पौधरोपण किया और हरियाली को आने वाली पीढ़ियों के लिए जीवनदायिनी विरासत माना।
निरीक्षण के समापन पर श्री रमेश यादव ने अधिकारियों को पारदर्शिता, संवेदनशीलता और समयबद्धता को अपनी कार्यशैली में अपनाने की सलाह दी, ताकि आमजन को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं मिल सकें।