मुंबई के वरली के डोम में शनिवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बीएमसी चुनावों के लिए बीजेपी-शिवसेना के चुनाव प्रचार का आगाज किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि 16 जनवरी को महायुति की महाविजय होगी।विजय के बाद हम लोग नई मुंबई बनाकर दिखाएंगे। लोगों का जीवन बदल जाएगा। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने विपक्ष पर जमकर तीर चलाए। उद्धव सेना से 25 साल का हिसाब मांगते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने करप्शन के अलावा क्या किया, मराठी माणुस को मुंबई से बाहर निकालने का पाप करने वालों को मुंबईकर कभी माफ नहीं करेगा। फडणवीस ने मुंबई का मेयर कौन होगा? इस मुद्दे पर बड़ा बयान दिया और कहा कि हिंदू और मराठी होगा।
मुंबई का चित्र बदलने का चुनाव
बीएमसी चुनाव में महायुति के घटक दल बीजेपी, शिंदे सेना और आरपीआई मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं। चुनाव प्रचार की शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अपनी सफलता गिनाई। साथ उन्होंने कहा कि यह चुनाव मुंबई का चित्र और मुंबईकर का जीवन बदलने वाला चुनाव है। हम बदलकर दिखाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व से मुंबई को विकास की ताकत मिली। एक सुरक्षित बनाने की बात करते हुए मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि बांग्लादेशी को खोज कर निकालेंगे और सुरक्षित मुंबई बनाएंगे। मुंबईकरों को शुद्ध हवा मिले, प्रदूषण मुक्त मुंबई के लिए हम लोग अलग से फंड बनाएंगे।
MMR में बिछाया मेट्रो का जाल
मुंबईकरों की यात्रा सुलभ और आसान बने, इसलिए लिए मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि मुंबई में ही नहीं बल्कि पूरे एमएमआर में मेट्रो का जाल बिछाया जा रहा है। हर साल 50 से 100 किलोमीटर तक मेट्रो बना रहे हैं। साथ ही ट्रैफिक से निजात पाने के लिए बहुत सारे टनल बनाएंगे जा रहे हैं। कोस्टल रोड का काम प्रगति पर है। बीडीडी चाल का डेवलपमेंट खुद कर रहे हैं। चुनाव प्रचार की शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि हम ऐसी मुंबई बनाएंगे जिससे मुंबईकर का ज्यादा समय लोकल ट्रेन में नहीं बल्कि परिवार को बाथ बीतेगा। उसके लिए मेट्रो, कॉस्टल, टनल बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि समुद्र में गंदा पानी छोड़ते से रोकने के लिए एसटीपी परियोजना पर काम हो रहा है। इसपर 16,000 करोड़ रुपये खर्च किया जा रहा है।
प्रदूषण से मिलेगी मुक्ति
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि मुंबई के लिए प्रदूषण एक गंभीर समस्या बन गई है। इससे छुटकारा पाने के लिए 17000 करोड़ रुपये का नया बजटीय प्रबंधन करेंगे। इस बारे में और ज्यादा खुलासा आने वाले दिनों में करने की बात मुख्यमंत्री ने कही। उद्धव ठाकरे पर व्यंग करते हुए मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि कुछ लोग बोर्ड लगाकर दावा करते हैं कि हमने कर दिखाया, पर वे बताए तो सही क्या कर दिखाया। हां, उन्होंने 25 साल की सत्ता में करप्शन करके जरूर दिखाया है। आज मुंबईकर सब जानता है कि उनके लिए किसने क्या किया, किसने मेट्रो बनाया और किसने कोस्टल रोड बनाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज बीडीडी चॉल में रहने वाले 80 हजार लोगों के साथ गलत किसने किया, हमने उन्हें बसाने का काम किया। जो मराठी माणुस मुंबई से बाहर चला गया है उसे मुंबई में लाएंगे। झोपड़ों में रहने वालों की जीवन में सुधार के लिए उन्हें पक्के मकान दे रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि दो दिन पहले वारिस पठान ने कहा कि मुंबई का मेयर बुर्का वाली होगी। उन्हें लगा था कि विपक्ष हंगामा मचाएंगे, लेकिन एक शब्द तक नहीं बोला। पर मैं छाती ठोककर बोलता हूं कि मुंबई का मेयर मराठी होगा, हिंदू होगा।
भ्रष्टाचारियों को मुंबई छोड़ना होगा: शिंदे
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि मुंबई को लूटने वालों के दिन बीत गए। आपको करके दिखाना होगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली और महाराष्ट्र में एक विचार वाली सरकार है और बीएमसी में भी एक विचार की सरकार आएगी। उन्होंने कहा कि मुंबई भावुकता से नहीं विकास काम से चलती है। मुंबई में 15 जनवरी को वोट डाले जाएंगे। मुंबई बीएमसी में अपना वर्चस्व बनाए रखने के लिए उद्धव ठाकरे की अगुवाई वाली शिवसेना यूबीटी ने राज ठाकरे की मनसे से गठबंधन किया है। उसके साथ में शरद पवार की अगुवाई वाली एनसीपी भी है, हालांकि कांग्रेस प्रकाश अंबेडकर की अगुवाई वाली वंचित बहुजन आघाड़ी के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है।
















