राजगढ़ में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की बैठक, पुराने नेताओं को दी श्रद्धांजलि, वर्तमान हालात पर हुआ मंथन

राजगढ़ (अलवर) में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की एक महत्वपूर्ण बैठक ब्राह्मण धर्मशाला में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता रामजीलाल सैनी ने की। बैठक की शुरुआत में पार्टी के पुराने और दिवंगत नेताओं रामगोविंद बोहरा, दयाराम गुप्ता, रामस्वरूप गोठ, गौरी शंकर, सोहनलाल गुप्ता एवं भीखाराम टेलर सहित अन्य वरिष्ठ पार्टी कार्यकर्ताओं को याद किया गया। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।बैठक में जिला सचिव तेजपाल सैनी ने पार्टी की सदस्यता के लिए आवेदन करने वाले साथियों को संबोधित किया। उन्होंने पार्टी की रीति-नीति, संगठनात्मक ढांचे और कार्य करने के तौर-तरीकों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पार्टी का नवीनीकरण हर वर्ष जनवरी माह में किया जाता है, जिसे सभी सदस्यों के लिए अनिवार्य रूप से कराना आवश्यक होता है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि पार्टी का कार्य पूर्ण ईमानदारी, पारदर्शिता और लोकतांत्रिक तरीके से होना चाहिए। पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच आपसी भाईचारा बना रहना जरूरी है तथा किसी भी जाति या धर्म के आधार पर भेदभाव नहीं किया जाना चाहिए।

तेजपाल सैनी ने कहा कि पार्टी का मूल उद्देश्य मानवता की सेवा है और समाज के गरीब, मजदूर, किसान तथा शोषित वर्ग की समस्याओं के समाधान के लिए संगठित संघर्षों का निर्माण करना है। उन्होंने वर्तमान देश की स्थिति पर चर्चा करते हुए कहा कि देश में बेरोजगारी और महंगाई चरम पर है। सरकार देश की सार्वजनिक संपत्तियों को बेचने में लगी हुई है, जिससे आम जनता पर बोझ बढ़ रहा है। देश पर लाखों करोड़ रुपये का कर्ज चढ़ता जा रहा है, जबकि कुछ गिने-चुने लोगों को छोड़कर आमजन परेशानियों में जीवन व्यतीत कर रहा है।बैठक को पार्टी के वरिष्ठ नेता राजकुमार बक्शी ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार धर्म के आधार पर राजनीति कर रही है और आम जनता की वास्तविक समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा। इससे देश की गंगा-जमुनी संस्कृति को नुकसान पहुंच रहा है। सरकार की नीतियों के कारण अमीरी और गरीबी के बीच की खाई लगातार बढ़ती जा रही है। मजदूरों और किसानों की स्थिति बेहद खराब है, जिसके लिए सरकार जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि आमजन के हक और अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार संघर्षरत रहना समय की आवश्यकता है।बैठक में मनमोहन सैनी ने भी अपने विचार रखे और पार्टी की सदस्यता के लिए आवेदन करने वाले नए साथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि नए साथियों की भागीदारी से संगठन और मजबूत होगा। बैठक में मोहनलाल शर्मा, अवतार विजय, गीतेश्वर गौड, दिनेश कुमार, सुनील दत्त शर्मा सहित अन्य पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक का संचालन मनोज बोहरा ने किया।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts