मुजफ्फरनगर के शेरनगर गांव स्थित सिद्ध पीठ मंदिर में जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने हवन-पूजन कर विशाल भंडारे का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में 2017 से पहले धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों को संदेह की नजर से देखा जाता था। लोग तिलक लगाकर ऑफिस जाने से डरते थे। कावड़ यात्रा, पूजन और बारात जैसे आयोजनों पर प्रतिबंध जैसा माहौल था, लेकिन अब योगी सरकार के नेतृत्व में स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। आज प्रदेश में धार्मिक आस्था का सम्मान हो रहा है, कावड़ यात्रा और राम बारात जैसे आयोजनों पर सरकारी हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा हो रही है।
मंत्री ने कहा कि देश ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आत्मविश्वास हासिल किया है। पहले आतंकवाद की घटनाएं आम थीं, लेकिन अब श्रीनगर से लंदन तक भारत माता की जय के नारे गूंजते हैं। आज देश में सनातन संस्कृति का सम्मान हो रहा है जिसे कोई झुका नहीं सकता।पूर्ववर्ती समाजवादी पार्टी की सरकार पर तीखा हमला करते हुए उन्होंने कहा कि उस समय दंगे, फसाद और गुंडागर्दी चरम पर थी। बिजली 24 घंटे नहीं मिलती थी और केवल कुछ गिने-चुने जिले वीआईपी माने जाते थे। बेटियां शाम 5 बजे के बाद घर से बाहर निकलने में डरती थीं, जबकि अब वे रात 12 बजे भी सुरक्षित बाहर जा सकती हैं।
उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने जातिवाद, क्षेत्रवाद और परिवारवाद को खत्म कर राष्ट्रवाद और विकास को प्राथमिकता दी है। प्रदेश में अब तक 7 से 8 लाख नौकरियां दी जा चुकी हैं, बिना किसी जाति-धर्म के भेदभाव के। यही फर्क है भाजपा और सपा की सरकारों में।

















