गंगोह विधानसभा के गांव सिंहखेड़ा की बेटी कनक देवी ने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और अदम्य उत्साह के बल पर राज्यस्तरीय जेवलिन थ्रो प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल हासिल किया है। इस उपलब्धि के आधार पर उनका चयन भारतीय सेना, पुणे में स्पोर्ट्स कोटे से हुआ, जिससे न केवल उनका परिवार बल्कि पूरा गांव, गंगोह विधानसभा और सहारनपुर जनपद गर्व महसूस कर रहा है। कनक देवी ने खेल के मैदान में जो प्रदर्शन किया है, वह आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक है। उनकी सफलता की खबर मिलते ही क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई।
विधायक किरत सिंह स्वयं उनके घर पहुंचे और कनक देवी को बधाई देते हुए मिठाई खिलाई। इस मौके पर उन्होंने कनक देवी के माता-पिता और परिजनों को भी शुभकामनाएं दीं। विधायक ने उन्हें मेडल पहनाकर सम्मानित किया और इसे अपना सौभाग्य बताया। उन्होंने कहा कि कनक देवी ने यह साबित किया है कि ग्रामीण पृष्ठभूमि की बेटियां भी अगर दृढ़ निश्चय कर लें तो किसी भी क्षेत्र में ऊँचाइयों को छू सकती हैं।
कनक देवी की इस उपलब्धि को लेकर पूरे गांव में हर्ष का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि उनकी यह सफलता पूरे इलाके की बेटियों के लिए प्रेरणा बनेगी। विधायक ने उम्मीद जताई कि कनक देवी आने वाले समय में एशियाई खेलों और ओलंपिक जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का परचम लहराकर देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी। उनकी इस सफलता ने साबित किया है कि कड़ी मेहनत और लगन से हर सपना साकार किया जा सकता है।

















