राजगढ़ (अलवर) कस्बे में शनि जन्मोत्सव के अवसर पर गणेश पोल से भव्य मंगल कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा की शुरुआत नगर पालिका अध्यक्ष सतीश दुहारिया द्वारा ध्वज दिखाकर की गई। यह कलश यात्रा गणेश पोल से प्रारंभ होकर पंडित भवानी सहाय चौक, चौपड़ बाजार, नेहरू सर्किल और मालाखेड़ा बाजार होते हुए शनि मंदिर, मालाखेड़ा गेट पर संपन्न हुई।
यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। महिलाएं मंगल गीत गाते हुए पूरे जोश और श्रद्धा से यात्रा में शामिल हुईं। इस धार्मिक आयोजन के चलते पूरा कस्बा भक्तिमय वातावरण में डूब गया। गर्मी को ध्यान में रखते हुए सेवा भावी लोगों ने जगह-जगह शर्बत की छबील लगाई और श्रद्धालुओं को शीतल पेय वितरित किया।

















