शुकतीर्थ के विकास को मिली ₹13.50 करोड़ की ऐतिहासिक स्वीकृति, धार्मिक पर्यटन को मिलेगा नया आयाम

मुजफ्फरनगर जनपद के प्रमुख धार्मिक स्थल शुकतीर्थ के सर्वांगीण विकास के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने ₹13.50 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की है। इस बजट में मंत्री कपिल देव अग्रवाल के प्रस्ताव पर ₹10 करोड़ तथा क्षेत्रीय विधायक मिथलेश पाल के प्रस्ताव पर ₹3.50 करोड़ को पर्यटन विभाग द्वारा मंजूरी दी गई है। यह राशि शुकतीर्थ को धार्मिक पर्यटन के मानचित्र पर और अधिक सशक्त व समृद्ध बनाएगी।कपिल देव अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि शुकतीर्थ केवल एक तीर्थस्थल नहीं, बल्कि ऋषि शुकदेव की तपोभूमि और भारतीय सांस्कृतिक परंपरा का जीवंत प्रतीक है। वर्षों से इसके विकास की माँग की जा रही थी। उन्होंने स्वयं मुख्यमंत्री के समक्ष इस विषय को गंभीरता से प्रस्तुत किया, जिसके परिणामस्वरूप यह ऐतिहासिक बजट स्वीकृति संभव हो सकी। उन्होंने कहा कि इस निधि से भागवत कथा केंद्र की स्थापना, 5D म्यूजियम का निर्माण, सूक्ति परिषद कार्यालय, सुखदेव मंदिर व वट वृक्ष का पर्यटन विकास, शुभ तीर्थ स्थित रविदास मंदिर का सौंदर्यीकरण और सत्संग भवन निर्माण जैसी योजनाएं साकार होंगी।इसके अतिरिक्त, तीर्थ क्षेत्र में श्रद्धालुओं के लिए विश्राम स्थल, सुंदर घाट, सड़क संपर्क, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता व सुरक्षा जैसे आधारभूत ढांचे भी मजबूत किए जाएंगे। यह स्वीकृति केवल एक बजट घोषणा नहीं, बल्कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दूरदर्शी सोच, पर्यटन मंत्री की तत्परता और भाजपा की ‘सबका साथ, सबका विकास’ नीति का प्रत्यक्ष उदाहरण है।कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि भाजपा ने हमेशा संस्कृति और सनातन मूल्यों को राष्ट्रनीति से जोड़ा है। शुकतीर्थ का यह विकास केवल भौतिक सुविधाओं का विस्तार नहीं, बल्कि वैदिक गौरव और आस्था की धारा को नया जीवन देने की दिशा में एक बड़ा कदम है। प्रतिवर्ष यहां हजारों श्रद्धालु शुकदेव मुनि की स्मृति में एकत्र होते हैं, ऐसे में यह परियोजना शुकतीर्थ को राष्ट्रीय धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित करने में सहायक सिद्ध होगी।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts