सड़कों पर उतरीं पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, सफाई व सौंदर्यीकरण कार्यों का लिया जायजा

मुज़फ्फ़रनगर। शहर को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से नगरपालिका परिषद मुज़फ्फ़रनगर की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। इसी क्रम में गुरुवार तड़के पालिकाध्यक्ष स्वयं सड़कों पर उतरकर सफाई व्यवस्था और चल रहे विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति परखती नजर आईं। अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ उन्होंने सूजडू चुंगी से शिव चौक तक करीब दो किलोमीटर लंबे मुख्य मार्ग का पैदल भ्रमण किया। इस दौरान न केवल सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया गया, बल्कि डिवाइडरों के सौंदर्यीकरण और अन्य कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति की भी समीक्षा की गई।

पालिकाध्यक्ष ने निरीक्षण के दौरान मुख्य मार्गों की सफाई, नाइट स्वीपिंग अभियान और कूड़ा उठान व्यवस्था का स्थलीय अवलोकन किया। मेरठ रोड पर सफाई की स्थिति का जायजा लेते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि स्वच्छता किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे नगर की पहचान और नागरिकों के स्वास्थ्य से जुड़ा अहम विषय है। सफाई व्यवस्था में निरंतरता और गुणवत्ता बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है।

इसके बाद पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप कमला नेहरू वाटिका स्थित कंपनी बाग पहुंचीं, जहां उन्होंने बागवानी, साफ-सफाई तथा चल रहे सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों का निरीक्षण किया। कंपनी बाग में डिवाइडरों पर किए जा रहे सौंदर्यीकरण कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान शौचालय निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी भी ली गई और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए, ताकि आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

पालिकाध्यक्ष ने अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रेरित करते हुए कहा कि नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने की जिम्मेदारी हम सभी की है। इसके लिए नियमित निरीक्षण, सतर्कता और टीमवर्क आवश्यक है। उन्होंने यह भी कहा कि नगर की साफ-सफाई में लगे प्रत्येक कर्मचारी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और उनके परिश्रम से ही शहर स्वच्छ और आकर्षक बनता है। कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और सभी विकास कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएंगे।इस निरीक्षण अभियान के दौरान मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक योगेश कुमार गोलियान, वाटिका सुपरवाइजर दुष्यंत कुमार, मौहम्मद सालिम सहित पालिका के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts