सिरोही जिले में स्थित भटियानी माताजी मंदिर की भव्य प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव आगामी 23 से 25 जनवरी तक धूमधाम से आयोजित किया जाएगा। इस ऐतिहासिक और धार्मिक आयोजन को सफल बनाने को लेकर रविवार को माजीसा धाम सिरोही में एक सर्वजातीय आम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महामंडलेश्वर माता स्वरूपा भारती ने की, जबकि विभिन्न समाजों के बंधुओं और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। बैठक में पधारे सभी भक्तों और गणमान्यजनों का माजीसा धाम के मठाधीश द्वारा आभार व्यक्त किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए ट्रस्टी रणछोड़ पुरोहित ने पूर्व में हुई बैठकों में लिए गए निर्णयों की जानकारी दी और आयोजन की रूपरेखा पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को व्यवस्थित और भव्य स्वरूप देने के लिए विभिन्न स्तरों पर तैयारियां की जा रही हैं। इस दौरान जयगोपाल पुरोहित ने उपस्थित सभी लोगों को आयोजन की बधाई देते हुए प्राण प्रतिष्ठा के दौरान विराजमान होने वाली मूर्तियों के धार्मिक महत्व और कार्यक्रमों की जानकारी साझा की। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियों के निर्वहन हेतु समितियों के गठन का प्रस्ताव रखा, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार किया गया।
बैठक में शंकरलाल प्रजापत और जब्बरसिंह ने भी अपने विचार रखे और आयोजन को सामाजिक एकता का प्रतीक बताते हुए सभी वर्गों से सक्रिय सहयोग की अपील की। वहीं पुणे से आए नरपतसिंह जोधा और विष्णु रावल की उपस्थिति ने बैठक को विशेष गरिमा प्रदान की।
रोहित खत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि तीन दिवसीय माजीसा प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को सफल बनाने के लिए कई समितियों का गठन किया गया है। साधु-संतों की व्यवस्था की जिम्मेदारी छैलसिंह मामावली, राजेंद्रसिंह और करणसिंह को सौंपी गई है। यज्ञशाला समिति में पंडित मृत्युजय दवे, हितेंद्र ओझा और प्रशांत को शामिल किया गया है। जल व्यवस्था की जिम्मेदारी जब्बर सिंह कालंद्री को दी गई है।
भोजन व्यवस्था के लिए रतनसिंह, वागाराम पटेल, लालसिंह राजपुरोहित, रमेशसिंह चौहान, सतनाम सिंह कुन्दी, अमराराम कुम्हार, कमलेश सैन, छगनजी छैन को नियुक्त किया गया है। शोभायात्रा समिति में विक्रमसिंह सोलंकी, शंकरसिंह परिहार, सुरेश सगरवंशी और बलवंतसिंह को जिम्मेदारी दी गई। कार्यालय प्रभारी के रूप में किशन सैन और वगताराम राठोड को नियुक्त किया गया है।
पांडाल एवं भजन संध्या समिति में मांगूसिंह, राकेश पुरोहित और नरेंद्र ओझा को शामिल किया गया है। मीडिया व्यवस्था की जिम्मेदारी जितेंद्रसिंह बारड, रोहित खत्री, भरत कुमार और संजय वर्मा को सौंपी गई है, जबकि प्रसार-प्रचार का दायित्व गिरिश देवड़ा और सूरजीत सिंह को दिया गया है। प्रशासनिक व्यवस्था के लिए जब्बर सिंह चौहान और शंकर सिंह परिहार को नियुक्त किया गया है।
















