औरैया — शहर में ई-रिक्शा और ऑटो चालकों की मनमानी और आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। अब सभी ई-रिक्शा और ऑटो चालकों के लिए रजिस्ट्रेशन अनिवार्य कर दिया गया है। रजिस्ट्रेशन के तहत प्रत्येक वाहन और उसके चालक की पूरी जानकारी प्रशासन के पास दर्ज की जाएगी, जिससे किसी भी आपराधिक घटना की स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सकेगी।
प्रशासन की ओर से जानकारी दी गई है कि रजिस्ट्रेशन के दौरान वाहन चालक की पहचान, पते और वाहन से जुड़ी जानकारी साझा करना अनिवार्य होगा। साथ ही, प्रत्येक पंजीकृत वाहन को एक विशेष QR कोड जारी किया जाएगा, जिसे वाहन पर चस्पा करना होगा। इस कोड के माध्यम से यात्री चालक और वाहन की पहचान आसानी से कर सकेंगे।
CO ट्रैफिक सृष्टि सिंह ने बताया कि रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी और सभी चालकों को इसके तहत लाना आवश्यक होगा। इस कदम से यातायात व्यवस्था में सुधार होगा और सुरक्षा व्यवस्था भी सुदृढ़ होगी।
इस संबंध में आयोजित बैठक में CO सिटी अशोक कुमार और कोतवाल राजकुमार सिंह भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह पहल शहर को सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात देने की दिशा में एक अहम प्रयास है।
प्रशासन जल्द ही शहर में जागरूकता अभियान चलाकर चालकों को रजिस्ट्रेशन के प्रति सचेत करेगा। बिना रजिस्ट्रेशन के पाए जाने वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।