थानाभवन के अग्रवाल कॉलोनी निवासी रजत गर्ग ने एक बार फिर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने CSIR-UGC NET की रसायन विज्ञान परीक्षा में पूरे देश में 39वीं रैंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। इससे पहले 2023 में भी उन्होंने इस परीक्षा में 42वीं रैंक हासिल की थी। रजत ने प्रारंभिक शिक्षा थानाभवन से ली और 12वीं तक की पढ़ाई लाला लाजपतराय इंटर कॉलेज से की। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बीएससी तथा मेरठ के चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय कैंपस से एमएससी और एमफिल की पढ़ाई की। एमएससी में उन्हें गोल्ड मेडल भी मिला। रजत ने GATE परीक्षा दो बार उत्तीर्ण की और लगातार शैक्षणिक क्षेत्र में उपलब्धियां हासिल कीं। उनके पिता सुधीर गर्ग व्यापारी हैं और व्यापार मंडल के जिला उपाध्यक्ष हैं। माता बबिता गर्ग और पत्नी शिवांगी गर्ग घरेलू महिलाएं हैं। रजत ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और गुरुजनों को दिया। थानाभवन विधायक अशरफ अली खान सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने उन्हें बधाई दी। अर्पण पब्लिक स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में उन्हें सम्मान प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
