19 अप्रैल से शुरू हो रहे लोकसभा चुनाव 2024 के लिए हर पार्टी कमर कस चुकी है। 7 चरणों में होने जा रहे आम चुनावों के लिए प्रत्याशियों के नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है।देशभर की 543 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। हर बार के चुनावों की तरह इस बार के चुनावों में भी उत्तर प्रदेश की सीटों की अहम भूमिका होगी। उत्तर प्रदेश में वोटिंग सातों चरणों में होगी और इस दौरान 80 सीटों पर कैंडिडेट की किस्मत का फैसला होगा।
राज्य की गौतम बुद्ध नगर लोकसभा सीट की बात करें तो इस पर दूसरे चरण के तहत 26 अप्रैल को वोट पड़ने वाले हैं। गौतम बुद्ध नगर लोकसभा सीट 2008 में अस्तित्व में आई थी। इसके तहत दो जिले गौतम बुद्ध नगर और बुलंदशहर आते हैं। गौतम बुद्ध नगर जिले में 3 विधानसभा क्षेत्र आते हैं- नोएडा, जेवर और दादरी। वहीं बुलंदशहर जिले में 2 विधानसभा क्षेत्र सिकंदराबाद और खुर्जा आते हैं।गौतम बुद्ध नगर लोकसभा सीट से वर्तमान सांसद बीजेपी के डॉ. महेश शर्मा हैं। साल 2019 के आम चुनावों में उन्हें 830,812 वोट मिले थे। उनके करीबी प्रतिद्वंदी बसपा के सतवीर नागर थे, जिन्हें 4,93,890 वोट मिले थे। कांग्रेस के डॉ. अरविंद कुमार सिंह को 42,077 वोटों से संतोष करना पड़ा था।
इस बार किसके बीच है टक्कर
गौतम बुद्ध नगर लोकसभा सीट से बीजेपी ने एक बार फिर मौजूदा सांसद डॉ. महेश शर्मा पर दांव लगाया है। सपा-कांग्रेस गठबंधन ने डॉ. महेंद्र नागर को चुनाव में खड़ा किया है। वहीं बहुजन समाज पार्टी यानि कि बसपा ने राजेंद्र सोलंकी को उम्मीदवार बनाया है। तीनों प्रत्याशी अपना नामांकन फाइल कर चुके हैं। सोलंकी ने इस साल फरवरी में बसपा का हाथ थामा है। नेशनल पार्टी ने किशोर सिंह को चुनाव मैदान में खड़ा किया है।
गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट से 34 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किऐ थे, जिनमें से 19 प्रत्याशियों के पर्चे जांच के बाद जिला प्रशासन ने निरस्त कर दिए। अब गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट से 15 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
गौतम बुद्ध नगर लोकसभा सीट का इतिहास
गौतम बुद्ध नगर लोकसभा सीट के पिछले इतिहास पर नजर डालें तो 2014 के चुनावों में भी बीजेपी से डॉ. महेश शर्मा की जीत हुई थी। उस वक्त समाजवादी पार्टी के नरेंद्र भाटी निकटतम प्रतिद्वंदी साबित हुए थे। वहीं साल 2009 में इस सीट पर बहुजन समाज पार्टी ने कब्जा जमाया था। पार्टी के सुरेंद्र सिंह नागर विजयी हुए थे और बीजेपी के डॉ. महेश शर्मा निकटतम प्रतिद्वंदी रहे थे।
पहली बार 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीजेपी की सरकार केंद्र की सत्ता में आने पर महेश शर्मा को केंद्रीय पर्यटन और संस्कृति राज्यमंत्री बनाया गया था। हालांकि 2019 में उन्हें केंद्रीय मंत्रिपरिषद में स्थान नहीं मिला।
गौतम बुद्ध नगर लोकसभा सीट में मतदाताओं की संख्या 26 लाख से अधिक है। इनमें गुर्जर, ठाकुर, दलित, मुस्लिम और ब्राह्मण मतदाताओं की संख्या अधिक है। यहां की 84 प्रतिशत आबादी हिंदू और 13 प्रतिशत जनसंख्या मुस्लिम है।