मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के तहत मुजफ्फरनगर में महिलाओं व बालिकाओं को किया गया जागरूक

मुजफ्फरनगर। महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन, सशक्तिकरण और विश्वास का वातावरण विकसित करने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश शासन द्वारा निरंतर विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के अंतर्गत जनपद मुजफ्फरनगर में व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशानुसार जनपद के समस्त थानों की एंटी रोमियो टीमों द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में सक्रियता दिखाते हुए महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया गया।अभियान के दौरान एंटी रोमियो टीमों ने कस्बों, बाजारों, स्कूलों, कॉलेजों, सार्वजनिक स्थलों, धार्मिक स्थानों तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों के आसपास पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं से संवाद किया। टीमों ने उन्हें उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा शासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

विशेष रूप से यह संदेश दिया गया कि किसी भी प्रकार की असहज स्थिति, छेड़छाड़ या उत्पीड़न की स्थिति में वे बिना भय के प्रशासन और पुलिस से संपर्क करें।मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत उत्तर प्रदेश शासन द्वारा महिलाओं और बालिकाओं के लिए समर्पित विभिन्न सेवाओं और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। इसमें ट्विटर सेवा, डायल-112, महिला हेल्पलाइन-181, वुमेन पावर लाइन-1090, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076, वन स्टॉप सेंटर-181, स्वास्थ्य सेवा हेल्पलाइन-102 तथा एंबुलेंस सेवा-108 जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं शामिल रहीं। इसके साथ ही जनसुनवाई पोर्टल, स्थानीय थानों पर स्थापित मिशन शक्ति केंद्रों की उपयोगिता के बारे में भी विस्तार से बताया गया।अभियान के दौरान पंपलेट और सूचना सामग्री का वितरण कर महिलाओं को जागरूक किया गया। उन्हें यह समझाया गया कि शासन की योजनाओं का लाभ कैसे प्राप्त किया जा सकता है और किसी समस्या की स्थिति में कहां और कैसे शिकायत दर्ज करानी चाहिए। इसके अतिरिक्त महिला केंद्रित विभिन्न सरकारी योजनाओं जैसे निराश्रित महिला पेंशन योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, आयुष्मान भारत योजना, महिला शक्ति केंद्र योजना सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।पुलिस और प्रशासन द्वारा चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना, उन्हें सशक्त बनाना और समाज में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना रहा। अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि महिलाओं की सुरक्षा शासन और प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के तहत चल रही ये गतिविधियां जनपद में सकारात्मक प्रभाव छोड़ रही हैं और महिलाओं को निर्भीक होकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित कर रही हैं।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts