नाटो जिद छोड़ने को तैयार जेलेंस्की, रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म होने की बढ़ी उम्मीद.

यूक्रेन-रूस युद्ध को समाप्त कराने के लिए अमेरिका हरसंभव प्रयास कर रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप लगातार दोनों देशों के नेताओं से संपर्क में हैं और कूटनीतिक समाधान पर जोर दे रहे हैं। इसी बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमीर जेलेंस्की का एक बड़ा और अहम बयान सामने आया है, जिसने शांति की उम्मीदों को मजबूत कर दिया है। जेलेंस्की ने संकेत दिया है कि यूक्रेन अब नाटो की सदस्यता को लेकर अपनी कठोर जिद छोड़ने को तैयार है।

यूक्रेन की नाटो सदस्यता रूस के लिए सबसे बड़ा विवाद का मुद्दा रही है। रूस का साफ कहना रहा है कि अगर यूक्रेन नाटो में शामिल होता है, तो यह उसकी सुरक्षा के लिए सीधा खतरा होगा। इसी मांग को लेकर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन कई बार स्पष्ट कर चुके हैं कि जब तक यूक्रेन नाटो से दूरी बनाने पर सहमत नहीं होता, तब तक सैन्य कार्रवाई रोकी नहीं जाएगी। पुतिन यह बात अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के साथ बातचीत में भी कई बार दोहरा चुके हैं।जेलेंस्की के ताजा बयान को इसी संदर्भ में बेहद अहम माना जा रहा है। उन्होंने कहा है कि यदि यूक्रेन की संप्रभुता और सुरक्षा की गारंटी मिलती है, तो नाटो सदस्यता पर पुनर्विचार किया जा सकता है। जानकारों का मानना है कि यह बयान रूस के साथ किसी संभावित शांति समझौते की दिशा में बड़ा कदम हो सकता है।

रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव पहले ही यह स्पष्ट कर चुके हैं कि यूक्रेन का न्यूट्रल, गुटनिरपेक्ष और परमाणु-मुक्त दर्जा संघर्ष को सुलझाने की शर्तों में से एक है। लावरोव के मुताबिक, यदि यूक्रेन नाटो से दूरी बनाए रखता है और किसी सैन्य गुट का हिस्सा नहीं बनता, तो क्षेत्रीय स्थिरता की संभावना बढ़ सकती है।अमेरिका इस पूरे घटनाक्रम में मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है। राष्ट्रपति ट्रंप का कहना है कि उनका लक्ष्य किसी भी कीमत पर युद्ध को रोकना और निर्दोष लोगों की जान बचाना है। अमेरिका चाहता है कि दोनों पक्ष बातचीत की मेज पर आएं और स्थायी समाधान निकालें।विशेषज्ञों के अनुसार, अगर यूक्रेन वास्तव में नाटो सदस्यता के मुद्दे पर लचीला रुख अपनाता है, तो रूस-यूक्रेन युद्धविराम और शांति समझौते की राह खुल सकती है। हालांकि, जमीन पर हालात और दोनों देशों के बीच विश्वास की कमी अभी भी बड़ी चुनौती बनी हुई है। फिर भी, जेलेंस्की के इस बयान को युद्ध खत्म होने की दिशा में अब तक का सबसे सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts